राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक धार्मिक आयोजन के दौरान प्रसाद खाने के बाद अचानक कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फूड पॉइजनिंग की शिकायत सामने आने के बाद सभी बीमार लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह मामला खिलचीपुर क्षेत्र के गादिया लुहार गांव का है, जहां गांव में धार्मिक कथा का आयोजन चल रहा था। कथा समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी भोजन की व्यवस्था की गई थी। जैसे ही लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया, कुछ ही देर में कई लोगों को पेट में जलन, दस्त और उल्टी की शिकायत होने लगी।
गादिया लुहार गांव के साथ-साथ आसपास के गांवों के लोग भी इस फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए हैं। हालत बिगड़ते देख ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया।
तबीयत ज्यादा खराब होने पर करीब 10 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इनमें बच्चे और युवक भी शामिल हैं। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है और राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बनी हुई है।

