भोपाल। इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और विपक्ष सरकार व नगर निगम प्रशासन पर लगातार सवाल खड़े कर रहा है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने पूरे मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन कर दिया है।
कांग्रेस द्वारा बनाई गई इस जांच समिति में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विधायक जयवर्धन सिंह, विधायक भंवर सिंह शेखावत, विधायक महेश परमार और विधायक प्रताप ग्रेवाल को शामिल किया गया है। यह समिति मौके पर जाकर हालात का जायजा लेगी, पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेगी और पूरे मामले की जांच के बाद अपनी विस्तृत रिपोर्ट 5 जनवरी तक मध्य प्रदेश कांग्रेस को सौंपेगी।
गौरतलब है कि भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि शहर के अलग-अलग अस्पतालों में सैकड़ों लोग अभी भी इलाज करा रहे हैं। इनमें से कई मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इंदौर पहुंचकर अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर चुके हैं। प्रशासन की ओर से अस्पतालों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी मरीज से इलाज के लिए पैसे न लिए जाएं।
सरकार ने भी इस पूरे मामले की जांच के लिए अलग से समिति गठित की है और अब तक तीन लोगों पर कार्रवाई की जा चुकी है। पिछले सात दिनों में 1100 से ज्यादा लोगों का इलाज किया जा चुका है, जबकि दूषित पानी कांड ने प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

