लखनऊ। नव वर्ष के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं, विधायकों, सांसदों, पत्रकारों और समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं, जिस पर अखिलेश यादव ने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। नए साल की बधाई देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी आंदोलन को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. राम मनोहर लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव द्वारा दिखाए गए रास्ते पर आगे बढ़ाना है और देश व समाज को खुशहाली की दिशा में ले जाना है, इसके लिए सभी को नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ मिलकर काम करना होगा।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में भाजपा की नकारात्मक सरकार को सत्ता से हटाना तय है, क्योंकि इस सरकार में अन्याय, अत्याचार, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा अब कमजोर हो चुकी है और जब भाजपा कमजोर होती है तो वह और ज्यादा साम्प्रदायिक हो जाती है, इस सरकार ने कानून व्यवस्था का सत्यानाश कर दिया है, साइबर क्राइम और फ्रॉड लगातार बढ़ रहे हैं और डायल 100 व 1090 जैसी सेवाओं को भी बर्बाद कर दिया गया है, वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा चुकी है।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सबसे बड़ी भूमाफिया पार्टी बन चुकी है और इसके संरक्षण में पूरे प्रदेश में गरीबों और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे कराए जा रहे हैं, यहां तक कि अरावली जैसे पहाड़ भी इनके निशाने पर हैं और इनकी नीयत अरावली पर कब्जा कर उसे लूटने की है, भाजपा तो पहाड़ों को भी निगल जाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यकों के आरक्षण और अधिकार छीन रही है, नौकरियों की खुली लूट मची है और करीब 30 हजार नौकरियां छीनी जा चुकी हैं, भाजपा पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक विरोधी है और संविधान में दिए गए हक और सम्मान को खत्म करना चाहती है, जबकि पीडीए एक वैकल्पिक सामाजिक ताकत है और जो पीडीए के खिलाफ है वह संविधान और सम्मान के भी खिलाफ है। अखिलेश यादव ने भाजपा को धोखेबाज पार्टी बताते हुए कहा कि वह हर वर्ग को धोखा देती है, यहां तक कि बाटी-चोखा तक की जांच करवा रही है, जबकि समाजवादी पार्टी में सब मिलजुलकर बाटी-चोखा खाते हैं और यहां हर वर्ग का सम्मान है।

