‘राजू ईरानी’ की तलाश में 6 राज्यों की पुलिस, डेरे को संरक्षण देने वालों का डेटा तैयार, पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी पुलिस

भोपाल। मध्य प्रदेश समेत देश के छह राज्यों की पुलिस मोस्ट वांटेड अपराधी ‘राजू ईरानी’ की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने देशभर में ईरानी डेरे को संरक्षण देने वालों का पूरा डेटा तैयार कर लिया है और अब इस संगठित नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। साथ ही डेरे से जुड़ी जमीन और मकानों के कागजातों की गहन जांच की जा रही है और नियम विरुद्ध बने निर्माणों पर जल्द बुलडोजर चलने की भी तैयारी है। फिलहाल पुलिस राजू ईरानी के साथ ही उसके करीबी सालिक, गुलाब और सबदर की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है।

दरअसल 27 दिसंबर की रात भोपाल पुलिस ने ईरानी डेरे पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। करीब 150 पुलिस जवानों ने एक साथ छापेमारी कर पूरे इलाके को घेर लिया था, जिसमें 10 महिलाओं समेत कुल 32 वांटेड आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि देश के अलग-अलग राज्यों में लूटपाट और गंभीर वारदातों को अंजाम देने के बाद आरोपी इसी ईरानी डेरे में आकर छिपते थे। वारदातों के बाद गैंग के सदस्य दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, नर्मदापुरम, देवास और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में फरारी काटते थे।

पुलिस की तलाशी के दौरान डेरे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद हुआ। मौके से विदेशी करेंसी, अमेरिकन और ईरानी मुद्रा, 100 से ज्यादा चोरी के मोबाइल फोन और देश के विभिन्न राज्यों की नंबर प्लेट जब्त की गईं। पकड़े गए आरोपियों में कई इनामी बदमाश भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि यह कार्रवाई संगठित अपराध के पूरे नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम है और आने वाले दिनों में इस गिरोह पर और शिकंजा कसा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *