नए साल के पहले ही दिन मध्य प्रदेश के उज्जैन रेलवे स्टेशन पर इंसानियत की एक मिसाल देखने को मिली। प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर जैसे ही उज्जैयनी एक्सप्रेस आकर रुकी, ब्यावरा निवासी यात्री देवी सिंह को अचानक हार्ट अटैक आया और वह बेहोश होकर प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद जीआरपी के प्रधान आरक्षक पवन धुर्वे ने बिना एक पल गंवाए हालात को समझा और तुरंत हरकत में आ गए। उन्होंने यात्रियों की भीड़ के बीच प्लेटफॉर्म पर ही देवी सिंह को CPR देना शुरू कर दिया।
आरक्षक की सूझबूझ, हिम्मत और सही तकनीक का असर कुछ ही मिनटों में दिखने लगा और यात्री की सांसें वापस लौट आईं। यह नजारा देखकर वहां मौजूद यात्रियों और परिजनों ने जीआरपी जवान को देवदूत बताते हुए जमकर सराहना की और धन्यवाद कहा।
जीआरपी की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि “सेवा, सुरक्षा और संवेदना” सिर्फ शब्द नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। फिलहाल यात्री की हालत स्थिर बताई जा रही है।

