भोपाल। मध्य प्रदेश के इंदौर में जहरीले पानी से हुई मौतों को लेकर सियासत तेज हो गई है और विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने ऐलान किया है कि 11 जनवरी को इस मुद्दे पर प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने मृतकों के परिजनों को दिए जा रहे 2-2 लाख रुपये के मुआवजे पर सवाल उठाते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उन्हें सिर्फ दो लाख रुपये देकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रही है, जबकि अफसर एक ही विजिट में डेढ़ लाख रुपये के काजू-बादाम खा जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह पीड़ित परिवारों के साथ खुला अन्याय है और कांग्रेस उनकी इंसाफ की लड़ाई लड़ेगी। जीतू पटवारी ने साफ कहा कि 11 जनवरी को मां अहिल्या के चरणों में बैठकर न्याय की यह लड़ाई लड़ी जाएगी।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी इंदौर की इस घटना को बेहद निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और यह पूरी तरह मध्य प्रदेश सरकार की असफलता को दर्शाता है। दिग्विजय सिंह ने सरकार से मांग की कि दोषियों पर कठोर कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं।

