भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मसूरी में संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। मृतक भोपाल से अपने दोस्तों के साथ नए साल की छुट्टियां मनाने मसूरी गया हुआ था। बताया जा रहा है कि बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया था, लेकिन शनिवार सुबह जब कमरे का दरवाजा खुला तो युवक मृत अवस्था में मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मौत की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी में रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार मृतक हर्ष एक जनवरी को अपने दोस्तों के साथ मसूरी पहुंचा था। दो जनवरी को दोस्तों ने अपने साथी भावना वर्मा का जन्मदिन मनाया था। उसी रात के बाद हर्ष अपने कमरे में चला गया था। शनिवार सुबह MDT 112 के जरिए पुलिस को युवक की मौत की सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।

