‘भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त’, अखिलेश यादव का करारा हमला, 2027 चुनाव को लेकर दिया बड़ा संदेश

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश का हर वर्ग भाजपा के भ्रष्टाचार से परेशान है और हर विभाग में लूट मची हुई है।

यूरिया से लेकर धान खरीद तक भ्रष्टाचार का आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि यूरिया खाद से लेकर धान खरीद तक कालाबाजारी, मुनाफाखोरी और भ्रष्टाचार फैला हुआ है, भाजपा सरकार ने कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है और जनता के साथ लगातार धोखा किया जा रहा है।

किसान और दुग्ध उत्पादक सबसे ज्यादा परेशान
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का सही दाम नहीं मिल रहा है, दुग्ध उत्पादकों को दूध का उचित मूल्य नहीं दिया जा रहा और बीच में बिचौलिए मुनाफा कमा रहे हैं, जिनको सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है।

कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर मिलजुलकर काम करना है, जनता के बीच रहकर भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करना है क्योंकि भाजपा हर मोर्चे पर पूरी तरह फेल हो चुकी है।

नफरत की राजनीति को हराने का आह्वान
उन्होंने कहा कि भाजपा बजट और झूठे वादों के जरिए जनता को गुमराह करती है और नफरत की राजनीति फैलाती है, इस नफरत की राजनीति को हराना ही सबसे बड़ी लड़ाई है।

2026 की मेहनत से 2027 की जीत का दावा
अखिलेश यादव ने साफ कहा कि 2026 में पूरी मेहनत और संघर्ष किया जाएगा तभी 2027 में सफलता मिलेगी और सत्ता परिवर्तन संभव होगा।

भाजपा के हथकंडों से सावधान रहने की अपील
उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा जनता को भ्रमित करने के लिए मंत्रिमंडल विस्तार जैसे हथकंडे अपनाएगी और नए मंत्री बनाकर झूठा भरोसा दिलाने की कोशिश करेगी।

सपा सरकार का विजन गिनाया
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हर वर्ग का सम्मान होगा, प्रदेश का विकास होगा, किसानों और गांवों को खुशहाल बनाने के फैसले लिए जाएंगे, नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा और महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

अन्याय और अत्याचार पर लगेगी रोक
उन्होंने कहा कि सपा की सरकार में अन्याय और अत्याचार पर सख्ती से रोक लगेगी और प्रदेश को एक बार फिर विकास और सम्मान के रास्ते पर आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *