मुस्तफिजुर विवाद ने बढ़ाया भारत-बांग्लादेश क्रिकेट तनाव, T20 वर्ल्ड कप पर भी पड़ेगा असर

BCCI के निर्देशों पर आईपीएल से बांग्लादेशी लेफ्ट आर्म पेसर मुस्तफिजुर रहमान को बाहर किए जाने के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट रिश्तों में तनाव खुलकर सामने आ गया है। इस फैसले से नाराज़ बांग्लादेश सरकार ने अपने क्रिकेट बोर्ड को कड़ा निर्देश देते हुए ICC से T20 वर्ल्ड कप के बांग्लादेशी मैचों का वेन्यू बदलने के लिए औपचारिक अनुरोध करने को कहा है।

दरअसल, बांग्लादेश में शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद अल्पसंख्यक हिंदुओं पर बढ़ते हमलों को लेकर भारत में विरोध तेज हुआ था। इसी बीच आईपीएल 2026 की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा 9.20 करोड़ में खरीदे गए मुस्तफिजुर रहमान को BCCI के हस्तक्षेप के बाद अचानक टीम से रिलीज कर दिया गया। इस फैसले ने पूरे मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने इमरजेंसी मीटिंग के बाद सार्वजनिक बयान देने से परहेज किया, लेकिन अंतरिम सरकार ने खुलकर मोर्चा संभाल लिया। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार में खेल सलाहकार आसिफ नज़रुल ने साफ कहा कि उन्होंने BCB को जय शाह की अगुवाई वाली ICC के सामने यह मुद्दा उठाने और भारत में होने वाले वर्ल्ड कप मैचों के वेन्यू बदलने का निर्देश दिया है।

आसिफ नज़रुल ने फेसबुक पर लिखा कि अगर कोई बांग्लादेशी खिलाड़ी कॉन्ट्रैक्ट के बावजूद भारत में नहीं खेल सकता, तो बांग्लादेश की राष्ट्रीय टीम भी भारत जाकर वर्ल्ड कप खेलने में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि बोर्ड औपचारिक रूप से अनुरोध करे कि बांग्लादेश के चारों वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में कराए जाएं।

फिलहाल बांग्लादेश को भारत में चार लीग मैच खेलने हैं, जिनमें तीन मुकाबले कोलकाता और एक मुंबई में निर्धारित है। 7 फरवरी को वेस्टइंडीज, 9 फरवरी को इटली, 14 फरवरी को इंग्लैंड और 17 फरवरी को नेपाल के खिलाफ मैच खेले जाने हैं।

मामला यहीं नहीं रुका, खेल सलाहकार आसिफ नज़रुल ने बांग्लादेश में आईपीएल के प्रसारण को निलंबित करने की भी बात कही है। उन्होंने सूचना और प्रसारण मंत्रालय से इस पर विचार करने का अनुरोध करते हुए कहा कि बांग्लादेशी क्रिकेट, खिलाड़ियों या देश का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अब गुलामी के दिन खत्म हो चुके हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस अचानक बढ़े तनाव से BCB के अधिकारी भी हैरान हैं, खासकर तब जब हाल ही में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। BCB के एक सूत्र का कहना है कि बोर्ड अब BCCI से आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार कर रहा है कि मुस्तफिजुर रहमान का कॉन्ट्रैक्ट आखिर किस वजह से रद्द किया गया, जिसके बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *