उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में प्रतिबंधित चाइना डोर ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया है। चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक युवक का गला कट गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब दो घंटे तक ऑपरेशन चला और उसके गले में 10 से 12 टांके लगाने पड़े। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि प्रतिबंध के बावजूद चाइना डोर की बिक्री और इस्तेमाल पर आखिर लगाम क्यों नहीं लग पा रही है।
जानकारी के अनुसार जीरापुर निवासी 20 वर्षीय विनय तिवारी, जो वर्तमान में जयसिंहपुरा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पंडिताई का काम करता है, बुधवार शाम करीब 6 बजे बाइक से सामान लेने निकला था। इसी दौरान अचानक सड़क पर फैली चाइना डोर उसके गले में फंस गई और देखते ही देखते वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टर आंसू वर्मा के अनुसार घायल युवक का ऑपरेशन करीब दो घंटे तक चला। गले में गहरे जख्म के चलते 10 से 12 टांके लगाए गए और ऑपरेशन के दौरान चाइनीज मांझे का टुकड़ा भी बाहर निकाला गया। ऑपरेशन के बाद परिजन युवक को बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए हैं।
गौरतलब है कि उज्जैन में चाइना डोर की बिक्री और उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध है, इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। यह हादसा प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करता है।

