बेगुनाहों की मौत पर राजनीति की बेशर्मी: इंदौर दूषित पानी कांड पर मातम के बीच नेताओं की तस्वीरें वायरल

इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से इंसानियत को झकझोर देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं, जहां दूषित पानी कांड में बेगुनाहों की मौत पर मातम पसरा हुआ था, लेकिन उसी मातम के बीच राजनीति की बेशर्मी भी खुलकर दिखाई दी। भागीरथपुरा इलाके में गीताबाई की मौत के बाद घर में शोक का माहौल था, वहीं उनके घर के बाहर नेताओं की संवेदनहीन तस्वीरें कैमरे में कैद हो गईं, जिसने पूरे शहर को शर्मसार कर दिया।

दो दिन पहले विपक्ष का एक प्रतिनिधिमंडल प्रभावित क्षेत्र भागीरथपुरा पहुंचा था। पीड़ितों के आंसुओं के बीच बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ। हालात इतने बिगड़े कि मृतक के घर के बाहर ही जूते-चप्पल तक चल गए, लेकिन दुख की इस घड़ी में भी राजनीति रुकने का नाम नहीं ले रही थी।

इसी दौरान एक और तस्वीर सामने आई, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। जहां एक ओर शोक में डूबा परिवार अपने आंसू पोछ रहा था, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे और बीजेपी के मंडल अध्यक्ष चंदन सिंह वैश्य एक-दूसरे को गले लगाते नजर आए। ये तस्वीरें देश के सबसे स्वच्छ शहर कही जाने वाले इंदौर की सबसे दूषित राजनीति को उजागर करती हैं, जहां बेगुनाहों की मौत के बीच संवेदनाएं दम तोड़ती नजर आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *