ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 29 दिसंबर को मिले महिला के नग्न शव के मामले में पुलिस ने अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। AI तकनीक की मदद से महिला की पहचान करने के बाद पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
गोले का मंदिर थाना क्षेत्र के ग्वालियर-भिंड रोड स्थित कटारे फॉर्म के जंगल में 29 दिसंबर की शाम झाड़ियों के बीच एक महिला का शव मिला था। महिला के चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण पहचान मुश्किल हो रही थी, जिसके बाद पुलिस ने AI की मदद से महिला का चेहरा तैयार कर उसकी शिनाख्त करवाई।
जांच के दौरान घटनास्थल से अंडे के आमलेट के टुकड़े मिले, जो इस केस की सबसे अहम कड़ी बने। पुलिस ने आसपास के अंडे के ठेलों पर पूछताछ की तो एक ठेले वाले ने बताया कि महिला दो युवकों के साथ वहां आई थी। इसी सुराग के आधार पर मृतका की पहचान टीकमगढ़ निवासी संगीता पाल के रूप में हुई।
महिला की पहचान होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और उसमें दिख रहे संदिग्ध युवक की तस्वीर ठेले वाले को दिखाई, जिसने पुष्टि की कि यही युवक महिला के साथ था। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सचिन सेन बताया। उसने कबूल किया कि वह महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन उसे शक था कि महिला के अन्य पुरुषों से भी संबंध हैं। इसी शक के चलते वह संगीता को बहला-फुसलाकर कटारे फॉर्म के जंगल में ले गया, जहां दोनों ने शराब पी। नशा ज्यादा होने पर उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी सचिन सेन को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

