भावांतर योजना में बड़ी राहत, सरकार ने बढ़ाई राशि, सोयाबीन के मॉडल रेट में 438 रुपये की बढ़ोतरी

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए भावांतर योजना की राशि बढ़ा दी है। सोयाबीन के मॉडल रेट में 438 रुपये की बढ़ोतरी की गई है और अब सोयाबीन का नया मॉडल रेट 4458 रुपये प्रति क्विंटल जारी किया गया है। करीब तीन महीने के भीतर सोयाबीन के दामों में यह अहम बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सरकार अब तक किसानों को भावांतर योजना के तहत 1292 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुकी है।

सोयाबीन का पहला मॉडल रेट 7 नवंबर को 4020 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया था। इसके बाद लगातार बदलाव होते रहे और अलग-अलग तारीखों में यह दर 4033, 4036, 4056, 4077, 4130, 4184, 4225, 4234, 4236, 4255, 4263, 4267, 4271, 4285, 4282, 4277, 4265, 4252, 4260, 4240 और 4237 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंची। 4 जनवरी को यह मॉडल रेट बढ़कर 4459 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया।

सरकार के अनुसार भावांतर योजना 2025 के तहत सोयाबीन विक्रेता किसानों के लिए मॉडल रेट प्रतिदिन जारी किया जा रहा है। मध्य प्रदेश सरकार की गारंटी है कि किसानों को हर हाल में सोयाबीन के न्यूनतम समर्थन मूल्य 5328 रुपये प्रति क्विंटल का पूरा लाभ मिलेगा। भावांतर की राशि विक्रय की तारीख से 15 दिनों के भीतर सीधे किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे किसानों को समय पर आर्थिक राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *