महिला हॉस्टल की बदहाली उजागर, इल्ली वाला खाना और दूषित पानी पीने को मजबूर छात्राएं, कब जागेगा सिस्टम

इछावर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से सरकारी व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शासकीय कॉलेज के महिला हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं को इल्ली मिला खाना और दूषित पानी दिया जा रहा है। यह चौंकाने वाला मामला डॉक्टर अंबेडकर आईटीआई कॉलेज के हॉस्टल का बताया जा रहा है, जिसके सामने आने के बाद कॉलेज प्रबंधन और पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

पीड़ित छात्राओं ने इस मामले की शिकायत सीधे कलेक्टर से की है। छात्राओं का आरोप है कि हॉस्टल में उन्हें मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। वाटर कूलर की नियमित सफाई नहीं की जाती, जिस वजह से उन्हें गंदा और बदबूदार पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। कुछ दिन पहले भी भोजन में इल्ली और कॉकरोच निकल चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद हालात नहीं सुधरे।

छात्राओं ने यह भी बताया कि हॉस्टल के टॉयलेट और बाथरूम में दरवाजे तक नहीं हैं। भीषण सर्दी के बावजूद गर्म पानी की कोई व्यवस्था नहीं है और मजबूरी में ठंडे पानी से नहाना पड़ रहा है। कई जगह टॉयलेट और बाथरूम के दरवाजे टूटे हुए हैं, चारों ओर गंदगी फैली है और साफ-सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है।

जब इस पूरे मामले पर कॉलेज की प्राचार्य और पुलिस से बातचीत करने की कोशिश की गई तो वे सवालों से बचते नजर आए और तरह-तरह के बहाने बनाते रहे। हालांकि उन्होंने आज ही व्यवस्था सुधारने का आश्वासन जरूर दिया है। अब बड़ा सवाल यह है कि शासकीय कॉलेज के महिला हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं की ये गंभीर समस्याएं कब तक दूर होंगी और क्या सिस्टम सच में जागेगा या फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *