निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले की ओरछा तहसील से दिल को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां एक छोटी सी चिंगारी ने पूरे परिवार की दुनिया उजाड़ दी। गंज मोहल्ला, गंज गेट के पास प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने एक छोटे से घर में लगी भीषण आग ने सिर्फ दीवारें नहीं जलाईं, बल्कि एक मां की सालों की मेहनत, उसकी बचत और उसके बच्चों के सपनों को भी राख में बदल दिया।
यह आग उस गद्दी तक पहुंच गई, जिसमें शारदा जोगी ने अपने बच्चों के भविष्य के लिए पैसे छुपाकर रखे थे। शराबी पति की आदतों से बचाकर जो-जो रकम वह रोज थोड़ी-थोड़ी जोड़ती थी, वह सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया। अचानक लगी इस आग में घर की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई। बर्तन, कपड़े, राशन, बिस्तर और जरूरी सामान, कुछ भी नहीं बचा।
सबसे ज्यादा दर्द तब हुआ जब शारदा जोगी का सोने का मंगलसूत्र और चांदी की पायल भी आग में जल गए। परिवार के मुखिया बबलू जोगी दिन में अंडे का ठेला लगाकर जैसे-तैसे घर चलाते हैं, लेकिन शराब की लत के कारण घर में हमेशा आर्थिक तंगी बनी रहती थी। इसी वजह से शारदा जोगी अपने बच्चों के लिए पैसे बचाकर गद्दी के नीचे छुपाकर रखती थी, ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
लेकिन आग ने किसी को नहीं बख्शा। गद्दी के नीचे छुपी पूरी जमा पूंजी भी जलकर राख हो गई। आज हाल ये है कि बबलू और शारदा जोगी रो-रोकर बेहाल हैं। उनकी तीन बेटियां और एक बेटा सब कुछ खोकर खुले आसमान के नीचे खड़े हैं।
घटना की सूचना मिलते ही ओरछा तहसीलदार सुनील बाल्मीक और पटवारी मेहरबान रैकवार मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। अधिकारियों ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और इस दुख की घड़ी में संबल देने की बात कही।

