दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर के भीतर पति, पत्नी और मासूम बेटी के शव फांसी के फंदे पर झूलते मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
यह घटना दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र की है, जहां एक ही घर में तीन जिंदगियां यूं खत्म हो जाने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक 30 वर्षीय मनीष केवट, जो मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था, उसकी 24 वर्षीय गर्भवती पत्नी यशोदा उर्फ केवट और उनकी दो साल की मासूम बेटी आरोही के शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर झूलते मिले।
मासूम बेटी का शव भी फंदे पर लटका देख हर कोई स्तब्ध रह गया और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रावेंद्र बागरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों शवों को फंदे से उतारकर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया है, ताकि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा सके।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि पति-पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है या फिर यह किसी साजिश के तहत की गई हत्या का मामला है, जिसमें शवों को फंदे पर लटकाया गया हो।
आखिर एक साथ तीन जिंदगियों ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अब तक सामने नहीं आई है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

