दुर्घटना या राजनीतिक साजिश, सिंगरौली में जेल से चुनाव जीतकर पार्षद बने प्रेम सिंह भाटी का बड़ा आरोप

सिंगरौली। सिंगरौली जिले की सरई नगर परिषद के वार्ड नंबर 14 का मामला अब सियासी गर्माहट का केंद्र बनता जा रहा है। वार्ड 14 से पार्षद प्रेम सिंह भाटी ने खुद को राजनीति का शिकार बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्षद का कहना है कि सरई क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष रामधनी यादव ने राजनीतिक द्वेष के चलते उन पर झूठा दुर्घटना कारित करने का आरोप लगवाया, जिसके आधार पर सरई पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

प्रेम सिंह भाटी के मुताबिक जिस समय सड़क दुर्घटना हुई, उस वक्त एक अज्ञात सफेद वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया। उनका कहना है कि उस समय उनका कैम्पर वाहन सड़क के दूसरे किनारे खड़ा था और वे एक शव को लेकर परिजनों के साथ सरई की ओर जा रहे थे। घटना के बाद घायल बाइक सवार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें जबरन प्रेम सिंह भाटी पर आरोप लगाए जाते हुए सुना जा सकता है, जिससे पूरे मामले पर सवाल खड़े हो गए हैं।

पार्षद का कहना है कि हादसे के बाद उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए अपने ही वाहन से दोनों घायलों को सरई अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि वे दशकों से आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए नि:शुल्क शव वाहन सेवा उपलब्ध कराते आ रहे हैं और इसी सेवा भावना के चलते उन्हें जनता का समर्थन मिला है।

प्रेम सिंह भाटी ने आरोप लगाया है कि वे भले ही भाजपा से जुड़े हुए हैं, लेकिन पार्टी के ही एक पदाधिकारी द्वारा उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है। अब बड़ा सवाल यही है कि यह मामला महज एक सड़क दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई राजनीतिक साजिश छिपी हुई है। फिलहाल मामला पुलिस जांच के अधीन है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने सरई की स्थानीय राजनीति में हलचल जरूर मचा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *