हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ से सामने आए इस मामले ने सबको चौंका दिया है, जहां शादी के बाद पत्नी पायल के यूपी पुलिस में दरोगा बनने के साथ ही पारिवारिक विवाद थाने तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि दोनों का अफेयर साल 2016 में शुरू हुआ, 2021 में लव मैरिज हुई और 2022 में सामाजिक रीति-रिवाजों से शादी संपन्न कराई गई। पति का आरोप है कि शादी के बाद पायल ट्रेनिंग पर चली गई और दरोगा पद पर पोस्टिंग मिलने के बाद उसने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज करा दी।
पायल की शिकायत के अनुसार, बरेली में पोस्टिंग के दौरान वह अपनी पूरी सैलरी पति के खाते में ट्रांसफर करती रही, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें खत्म नहीं हुईं। आरोप है कि उस पर अपने नाम से 10 लाख रुपये का लोन लेने का दबाव बनाया गया, जिसे उसने पूरा भी किया, लेकिन इसके बाद भी पति और उसके परिवार की ओर से 10 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी कार की मांग की जाती रही।
वहीं पति का कहना है कि उसने कड़ी मेहनत कर पत्नी को पढ़ाया-लिखाया और दरोगा बनवाने में पूरा सहयोग किया, लेकिन अब वही पत्नी उसे और उसके परिवार को फंसाने में लगी है। पति का आरोप है कि पायल ने दहेज उत्पीड़न का फर्जी मुकदमा सिर्फ इसलिए दर्ज कराया है क्योंकि वह अब उसके साथ रहना नहीं चाहती। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है।

