रायपुर। राजधानी में आयोजित तीन दिवसीय डीएवी राष्ट्रीय खेल महोत्सव का रंगारंग और उत्साहपूर्ण समापन हुआ। इस महोत्सव में देश के 27 राज्यों से आए 2211 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और आर्चरी, कराते, ताइक्वांडो, वूशू, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती जैसे खेलों में अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट कोऑर्डिनेटर और डीएवी रीजनल ऑफिसर प्रशांत कुमार ने बताया कि डीएवी की यह तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता भारत सरकार के युवा मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित की जाती है और इसमें एचजीएफआई के सभी नियमों का पूरी तरह पालन किया जाता है। उन्होंने कहा कि क्लस्टर लेवल और स्टेट लेवल से गुजरते हुए यह प्रतियोगिता अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची है।
उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रीय स्तर पर कुल 31 खेल आयोजित किए गए, जिनमें से इस बार छत्तीसगढ़ को 6 खेलों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में कराते, ताइक्वांडो और वूशू प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं साई कैंपस में आर्चरी और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में वेटलिफ्टिंग और कुश्ती की प्रतियोगिताएं कराई गईं।
इस राष्ट्रीय खेल महोत्सव में 27 राज्यों के 2211 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर खेल भावना और अनुशासन का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। समापन समारोह के अंत में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विजेता खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ वेटलिफ्टिंग संघ के सचिव डॉ. राजेन्श जंघेल, अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर अजय दीप सारंग सहित राष्ट्रीय स्तर के कई कोच, जज और छत्तीसगढ़ खेल फेडरेशन के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

