भगवा झंडा जलाने पर बवाल: हिंदू सम्मेलन के लिए लगाए गए झंडों को जलाया, इलाके में फैला तनाव, दो आरोपी गिरफ्तार

बैतूल। जिले के गंज इलाके में उस वक्त तनाव फैल गया जब हिंदू सम्मेलन के लिए लगाए गए भगवा झंडों को कुछ युवकों ने जला दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल बैतूल जिले में अलग-अलग स्थानों पर हिंदू सम्मेलन आयोजित होने हैं, जिसके चलते हिंदू संगठनों द्वारा गांव से लेकर शहर तक भगवा झंडे लगाए गए थे। गंज क्षेत्र के लोहिया वार्ड में शुक्रवार रात भगवा झंडे लगाए गए थे, जहां सभी धर्म और समुदाय के लोग निवास करते हैं। देर रात कुछ खुराफाती युवकों ने घरों के सामने लगे भगवा झंडों को निकाला और कुछ दूरी पर ले जाकर जला दिया।

सुबह जब हिंदू संगठनों की प्रभात फेरी निकली तो जले हुए झंडे देखकर लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। जांच में घटनास्थल के पास ही एक घर में लगे कैमरे में दो युवक कार से आते हुए दिखाई दिए, जो भगवा झंडे निकालकर ले जाते नजर आए।

पुलिस ने फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान तौफीक और मुशर्रफ के रूप में की और उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले पर लगातार नजर रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *