पौधों की नर्सरी में चल रहा था नशे का काला कारोबार, नारकोटिक्स की बड़ी कार्रवाई, 10 करोड़ की MD ड्रग्स जब्त

इंदौर/ आगर मालवा। मध्य प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच आगर मालवा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पौधों की नर्सरी की आड़ में ड्रग्स का बड़ा कारोबार चलाया जा रहा था। शनिवार तड़के नारकोटिक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया और करीब 10 करोड़ रुपये की MD ड्रग्स बरामद की।

दरअसल उज्जैन नारकोटिक्स टीम को पुख्ता सूचना मिली थी कि आमला स्थित ‘तीर्थ’ हर्बल फार्म हाउस में नर्सरी के नाम पर नशीले पदार्थों का निर्माण किया जा रहा है और शनिवार सुबह यहां से ड्रग्स की बड़ी खेप उठाई जानी थी। सूचना मिलते ही टीम पांच वाहनों के साथ सुबह करीब चार बजे मौके पर पहुंची और संभावित ग्राहक के आने का इंतजार किया।

काफी देर तक जब कोई नहीं पहुंचा तो नारकोटिक्स टीम ने नर्सरी में छापामार कार्रवाई शुरू की। अंदर का नजारा देखकर टीम भी हैरान रह गई, क्योंकि पौधों की आड़ में पूरी तरह से ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। मौके पर बाकायदा केमिकल लैब बनाई गई थी, जहां एमडी ड्रग्स की मैन्युफैक्चरिंग हो रही थी।

नारकोटिक्स विभाग ने तुरंत लैब को ध्वस्त कर दिया और वहां मौजूद कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया, जिनसे पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में ड्रग्स के साथ-साथ भारी मात्रा में केमिकल और मशीनें भी जब्त की गई हैं।

नीमच-जावरा नारकोटिक्स विभाग के अधीक्षक वी. एस. कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान 31 किलो 250 ग्राम मेफेड्रोन यानी MD ड्रग्स बरामद की गई है। इसके अलावा करीब 600 किलो अलग-अलग तरह के केमिकल भी मिले हैं, जिनमें MDC, MMA, ट्राई थेला माइन, सोडियम कार्बोनेट सहित लैब में इस्तेमाल होने वाला पूरा सामान और मशीनें शामिल हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, मौके पर जब्त की गई ड्रग्स की कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि बाजार में पहुंचने के बाद इसकी कीमत और भी ज्यादा हो सकती थी। नारकोटिक्स विभाग अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटा है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *