हिंदू हित और कॉरपोरेट हित एक साथ नहीं चल सकते… बांग्लादेश को लेकर AAP का प्रदर्शन, नेताओं ने कहा- शेख हसीना को शरण देने के कारण दबाव में है केंद्र सरकार

चंदौली. बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचार और हिंसा के विरोध में आम आदमी पार्टी ने रविवार को प्रदेशभर में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर जगह-जगह विरोध मार्च निकाले गए। इसी कड़ी में चंदौली जिले में भी आप कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। डीडीयू नगर के चकिया तिराहे से निकाले गए विरोध मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार को तत्काल रोकने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर भारत सरकार से बांग्लादेश सरकार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान वक्ताओं ने सवाल उठाया कि जो सरकार खुद को हिंदुओं की हितैषी बताती है, वह पड़ोसी देश में हिंदुओं के कथित कत्लेआम पर चुप क्यों है। नेताओं ने कहा कि इस गंभीर मुद्दे पर केंद्र सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

सभा को संबोधित करते हुए आप नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राजनीतिक और कॉरपोरेट हितों के चलते इस पूरे मामले को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि अदानी ग्रुप के व्यावसायिक हितों और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को शरण देने के कारण केंद्र सरकार दबाव में है, जिसकी कीमत बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को चुकानी पड़ रही है।

आप नेताओं ने दो टूक कहा कि हिंदू हित और कॉरपोरेट हित एक साथ नहीं चल सकते। सरकार को या तो बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए ठोस और सख्त कदम उठाने होंगे, या फिर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए सत्ता छोड़नी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार नहीं रुके, तो आम आदमी पार्टी अपना आंदोलन और अधिक तेज करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *