अयोध्या में मीट पर बैन संविधान के खिलाफ, जनता की निजी आजादी पर हमला- लाल बिहारी यादव

अयोध्या. विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अयोध्या में लगाए गए मीट बैन को संविधान के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह जनता की निजी स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। लाल बिहारी यादव ने साफ कहा कि खाने और पहनने की पसंद हर नागरिक का मौलिक अधिकार है और किसी भी सरकार को यह हक नहीं है कि वह लोगों की जीवनशैली पर जबरन नियंत्रण थोपे।

उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार लगातार नागरिकों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता में हस्तक्षेप कर रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के बिल्कुल खिलाफ है। भाजपा के “सोने की चिड़िया” वाले दावे पर तंज कसते हुए लाल बिहारी यादव ने सवाल उठाया कि अगर देश सच में तरक्की कर रहा है, तो आज भी 80 करोड़ लोग गरीबी रेखा के नीचे क्यों जीवन गुजार रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश में लगातार कर्ज और टैक्स बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन गरीबों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही। सरकार बड़े-बड़े दावे जरूर कर रही है, मगर जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने शिक्षकों, किसानों, मजदूरों और युवाओं से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *