अवैध रिश्तों की खौफनाक साजिश, प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, ऐसे हुआ सौरभ मर्डर केस का खुलासा

फ़िरोजाबाद। सौरभ जादौन हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस पूरे मामले में सौरभ की पत्नी प्रीति ही उसकी कातिल निकली, जिसने अपने प्रेमी सूरज के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। हत्या में सहयोग करने वाला सूरज का दोस्त सलमान भी पुलिस की गिरफ्त में है। मुठभेड़ के दौरान सूरज के पैर में पुलिस की गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। फिलहाल प्रीति, सूरज और सलमान तीनों आरोपी गिरफ्तार हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि प्रीति और सूरज के बीच अवैध संबंध थे और सौरभ उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसी बाधा को हमेशा के लिए खत्म करने के इरादे से दोनों ने सौरभ को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इस साजिश में सलमान को 50 हजार रुपये का लालच देकर शामिल किया गया। 9 जनवरी की शाम सूरज ने सौरभ को फोन कर जाखई गांव बुलाया, जहां पूर्व प्रधान उदयवीर सिंह के खेत में स्थित ट्यूबवेल की कोठरी के पास उसे शराब पिलाई गई। नशे की हालत में सौरभ का मफलर से गला घोंटकर बेरहमी से कत्ल कर दिया गया।

हत्या के बाद भी आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। सूरज और सलमान ने शव को कोठरी में घसीटा और बड़े चाकू से उसका गला काट दिया। सबूत मिटाने के लिए सौरभ का सिर धड़ से अलग कर बोरवेल में फेंक दिया गया। उसकी बाइक और मोबाइल फोन को कोटला रोड पर झाड़ियों में छिपा दिया गया, ताकि पुलिस तक कोई सुराग न पहुंचे। शव को नग्न करने के पीछे भी आरोपियों की खौफनाक मंशा थी, ताकि कपड़ों के जरिए भी सौरभ की पहचान न हो सके। यह मामला एक बार फिर रिश्तों में पनप रही अय्याशी और विश्वासघात की खतरनाक हकीकत को उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *