छिंदवाड़ा BJP में गुटबाजी पर प्रदेश नेतृत्व सख्त, सांसद बंटी साहू और जिलाध्यक्ष शेषराव यादव भोपाल तलब

 भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में छिंदवाड़ा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां भारतीय जनता पार्टी में आंतरिक कलह खुलकर सामने आ गई है। लोकसभा सांसद विवेक उर्फ बंटी साहू और जिला भाजपा अध्यक्ष शेषराव यादव के बीच चल रही खींचतान को देखते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने दोनों नेताओं को भोपाल स्थित पार्टी कार्यालय तलब किया। यहां दोनों को आमने-सामने बैठाकर लंबी बातचीत कराई गई और पार्टी की एकता बनाए रखने का सख्त अल्टीमेटम दिया गया।

छिंदवाड़ा जिले में भाजपा की जिला इकाई में लंबे समय से गुटबाजी चल रही थी। सांसद बंटी साहू और जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के बीच मतभेद इस हद तक बढ़ गए थे कि जिलाध्यक्ष की बैठकों में सांसद की गैरमौजूदगी लगातार देखने को मिल रही थी, वहीं शेषराव यादव खुले मंचों से सांसद के खिलाफ बयान दे रहे थे। यह विवाद जिला कार्यकारिणी के गठन, पदों के बंटवारे और संगठन से जुड़े फैसलों को लेकर और गहराता चला गया।

भोपाल में हुई बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दोनों नेताओं को साफ शब्दों में कहा कि लंबे संघर्ष के बाद भाजपा ने छिंदवाड़ा में राजनीतिक सफलता हासिल की है, लेकिन मौजूदा गुटबाजी पार्टी की छवि और संगठन दोनों को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने निर्देश दिया कि निजी मतभेदों को पीछे छोड़कर पार्टी हित में एकजुट होकर काम किया जाए। संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भी मध्यस्थता करते हुए खींचतान तुरंत खत्म करने की सख्त चेतावनी दी।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक बैठक का माहौल सकारात्मक रहा और सांसद बंटी साहू तथा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव दोनों ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों का पालन करने और संगठन में समन्वय के साथ आगे बढ़ने का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *