मैहर। इंदौर में दूषित पानी पीने से 15 से ज्यादा लोगों की मौत के बाद भी हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब वही डरावनी तस्वीर मैहर जिले से सामने आई है, जहां गांवों में लोग मजबूरी में गंदा पानी पी रहे हैं। मैहर के रामनगर क्षेत्र के टेगना ररिया टोला में बीते पांच दिनों से नल में पानी नहीं आया और ग्रामीण एक गड्ढे में भरे दूषित पानी को पीने के लिए मजबूर हैं, जो किसी बड़ी त्रासदी को न्योता दे सकता है।
गांव में जल जीवन मिशन के तहत नल कनेक्शन तो दिए गए हैं, लेकिन नियमित जल आपूर्ति नहीं हो रही है। गांव का एकमात्र हैंडपंप भी लंबे समय से खराब पड़ा है। हालात ऐसे हैं कि करीब दो दर्जन परिवार नाली और गड्ढे में जमा गंदे पानी से ही अपनी प्यास बुझा रहे हैं और उसी पानी का इस्तेमाल रोजमर्रा की जरूरतों के लिए कर रहे हैं। यह स्थिति ग्रामीणों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही साफ नजर आ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अफसरों तक बात पहुंचने के बावजूद समस्या जस की तस बनी रही, जिससे सवाल उठ रहा है कि क्या प्रशासन यहां भी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर एलएंडटी कंपनी के ऑपरेटर नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन कैमरा देखते ही वहां से निकल गए और जाते-जाते सफाई देते रहे।
ऑपरेटर ने यह भी माना कि पिछले पांच दिनों से ग्रामीण नाली का गंदा पानी पीने को मजबूर थे। उनका कहना था कि तकनीकी कारणों से जल आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे अब ठीक किया जा रहा है। लेकिन सवाल यह है कि जब जल जीवन मिशन जैसी योजना लागू है, तो फिर ग्रामीणों को साफ पानी के लिए क्यों तरसना पड़ रहा है। यह समस्या सिर्फ टेगना ररिया टोला की नहीं, बल्कि जिले के कई गांवों की सच्चाई बयां करती है। समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी, तो गंदा पानी किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है।
गांव की बुजुर्ग महिला सावित्री साकेत ने बताया कि नल में पानी नहीं आता और हैंडपंप भी बंद है, इसलिए मजबूरी में गंदा पानी पीना पड़ रहा है। स्कूली छात्रा आंचल साकेत ने कहा कि जिंदा रहने के लिए पानी पीना जरूरी है, चाहे वह गंदा ही क्यों न हो। गांव में कुछ लोगों के निजी बोर हैं, जिनसे वे खेतों की सिंचाई करते हैं, इसलिए वहां से भी पीने का पानी नहीं मिल पाता। मामले पर जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह ने कहा है कि उन्हें जानकारी मिली है, अधिकारियों को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

