सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां किन्नरों के डेरे में जबरन धर्म परिवर्तन और गौ मांस खिलाने के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले को लेकर हिंदू संगठन थाने पहुंचे और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। हिंदू संगठनों का आरोप है कि दान में मिले पैसों का इस्तेमाल मस्जिद निर्माण में किया जा रहा है और किन्नरों पर जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाया जा रहा है। मामला सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र का है।
दरअसल मोतीनगर थाना क्षेत्र के इतवारी वार्ड स्थित किन्नरों के डेरे ‘रंग महल’ की प्रमुख किन्नर किरण जान पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। रानी किन्नर सहित अन्य किन्नरों का कहना है कि किरण जान धर्म परिवर्तन करने और गौ मांस खाने के लिए दबाव बनाती थी। आरोप है कि इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर एक किन्नर ने आत्महत्या कर ली, जिसके बाद किन्नर समाज के लोग शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे।
अब यह मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। शिकायतकर्ता किन्नरों के समर्थन में शिवसेना नेता पप्पू तिवारी और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मोतीनगर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी से मुलाकात कर किन्नर रानी ठाकुर की शिकायत के आधार पर किरण जान उर्फ कलीम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
किन्नर रानी ठाकुर ने आरोप लगाया कि किरण जान उर्फ कलीम खान डेरे में रहने वाले किन्नरों पर धर्म परिवर्तन और गौ मांस खाने का दबाव डालता था। रानी का कहना है कि वे सनातनी हैं और इस दबाव का विरोध करने पर उन्हें प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने दावा किया कि इसी प्रताड़ना के कारण किन्नर मोना की मौत हुई है और यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या हो सकती है।
वहीं शिवसेना नेता पप्पू तिवारी ने कहा कि किन्नर समाज के प्रति लोगों की आस्था और विश्वास था, लेकिन इस घटना के बाद सोच बदल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग धर्मांतरण करा रहे हैं, मस्जिदें बनवा रहे हैं और हिंदू किन्नरों पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे हैं। इसी के विरोध में वे थाने पहुंचे हैं और पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

