बिहार की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर अब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। कयास लगाए जा रहे थे कि वह राघोपुर सीट से मैदान में उतर सकते हैं, लेकिन अब उन सभी अटकलों पर विराम लग गया है। जन सुराज पार्टी ने आधिकारिक रूप से घोषणा कर दी है कि राघोपुर से पार्टी उम्मीदवार चंचल सिंह होंगे।
प्रशांत किशोर ने पहले कहा था कि वह या तो करगहर से या राघोपुर से चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन अब यह साफ हो गया है कि वह खुद किसी भी सीट से चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगे। जन सुराज ने सोमवार को अपनी दूसरी लिस्ट जारी करते हुए राघोपुर समेत 65 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था।
इससे पहले जन सुराज की पहली लिस्ट 9 अक्टूबर को जारी हुई थी, जिसमें कर्पूरी ठाकुर की पोती, RCP सिंह की बेटी और एक भोजपुरी गायक को टिकट दिया गया था। अब तक पार्टी कुल 116 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है, जिनमें 25 आरक्षित और 91 सामान्य सीटें शामिल हैं। इनमें 31 अतिपिछड़ा वर्ग, 21 ओबीसी और 21 मुस्लिम उम्मीदवार हैं।
बिहार में चुनावी बिगुल बज चुका है। राज्य में दो चरणों में मतदान होगा — पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को और दूसरे चरण की 11 नवंबर को होगी, जबकि 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशांत किशोर भले खुद मैदान में न हों, लेकिन क्या उनका जन सुराज संगठन बिहार की सियासत में कोई बड़ा उलटफेर कर पाएगा?

