सौरभ राजपूत हत्याकांड में फैसला करीब, फरवरी में तय होगी मुस्कान और साहिल की सजा

चर्चित ब्लू ड्रम केस को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मर्चेंट नेवी ऑफिसर सौरभ राजपूत हत्याकांड में फरवरी 2026 तक फैसला आने की पूरी संभावना है। अदालत में जिस तरह से शासकीय अधिवक्ता और सौरभ के वकील मजबूती से पैरवी कर रहे हैं, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि फरवरी के अंत तक केस का अंतिम निर्णय आ सकता है।

अब तक हुई सुनवाइयों और पेश किए गए सबूतों के आधार पर यह साफ होता जा रहा है कि सौरभ की हत्या में मुस्कान और साहिल दोनों की भूमिका बराबर की है। इसी वजह से दोनों को समान सजा मिलने की संभावना जताई जा रही है। कोर्ट की नजर में यह एक सुनियोजित और जघन्य अपराध माना जा रहा है।

पूरा मामला मेरठ के इंदिरा नगर का है, जहां मर्चेंट नेवी ऑफिसर सौरभ राजपूत की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड को सौरभ की पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सौरभ और मुस्कान ने साल 2017 में लव मैरिज की थी और 2019 में दोनों की एक बेटी भी हुई थी।

शादी के बाद मुस्कान के लिए सौरभ ने मर्चेंट नेवी की नौकरी तक छोड़ दी थी, जिससे उसके परिवार से रिश्ते बिगड़ते चले गए। हालात ऐसे बने कि सौरभ पत्नी के साथ किराए के मकान में रहने लगा। बेटी के जन्म के बाद भी रिश्ते सुधरने के बजाय और बिगड़ते चले गए।

इसी दौरान मुस्कान और उसके दोस्त साहिल के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और विवाद तलाक तक पहुंच गया। बेटी की खातिर सौरभ ने समझौता कर लिया, लेकिन मुस्कान ने सौरभ को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था। इसके बाद उसने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर सौरभ की हत्या कर दी और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

अब सभी की नजरें फरवरी में आने वाले अदालत के फैसले पर टिकी हैं, जो इस सनसनीखेज हत्याकांड का अंतिम सच सामने लाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *