प्रयागराज. माघ मेला परिक्षेत्र में एक बार फिर आगजनी की बड़ी घटना सामने आई है। रेलवे लाइन के पास बने एक कैंप में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, उससे पहले ही टेंट पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।
इस हादसे में एक व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया, जिसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। आग लगने की यह घटना गणपति और अन्नपूर्णा मार्ग के चौराहे पर पुराने रेलवे पुल के पास स्थित एक कैंप में हुई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कैंप में लगे सभी टेंट जल चुके थे। मौके पर रह रहे कल्पवासियों के मुताबिक वहां अखंड ज्योति जल रही थी और आशंका जताई जा रही है कि आग वहीं से भड़की।
गौरतलब है कि माघ मेला परिक्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 13 जनवरी को भी सेक्टर 5 स्थित नारायण शुक्ला धाम शिविर में आग लग गई थी। उस दौरान आग की लपटें दूर तक दिखाई दी थीं और शिविर में लगे करीब 15 टेंट जल गए थे, जिनमें लगभग 50 कल्पवासी रह रहे थे।
हालांकि उस घटना में समय रहते फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया था और कोई जनहानि नहीं हुई थी। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने माघ मेला परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

