फूलसिंह बरैया अपने बयान पर कायम, माफी से इनकार; बीजेपी का तीखा हमला, कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल

भोपाल। मध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया ने अपने विवादित बयान पर माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया है और वह अपने बयान पर पूरी तरह कायम नजर आए। इंदौर एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के साथ मौजूद बरैया को जब मीडिया ने घेरा तो उन्होंने कहा कि वह अपने समाज की 40 करोड़ महिलाओं के साथ खड़े हैं और उन्होंने जो कहा है, वह किसी दार्शनिक की किताब में लिखा है। बरैया ने दावा किया कि उनके बयान के पीछे उनका निजी नहीं बल्कि वैचारिक आधार है और करोड़ों महिलाओं की इज्जत बचाने के लिए वह अकेले खड़े हैं, उनके साथ कोई और नहीं है।

बरैया ने आगे कहा कि उन्होंने लाइब्रेरी में जाकर हरिमोहन झा के लेख पढ़े हैं, जिनमें जाति के आधार पर सहवास और तीर्थ फल से जुड़ी बातें लिखी गई हैं। उन्होंने एससी-एसटी समाज की आबादी और वोटों का जिक्र करते हुए कहा कि जो कुछ उन्होंने कहा, वही ग्रंथों और लेखों में उल्लेखित है। बरैया ने स्पष्ट किया कि वह अपने बयान से पीछे हटने वाले नहीं हैं।

इस पूरे मामले को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर चौतरफा हमला तेज कर दिया है। बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि अगर राहुल गांधी में थोड़ी भी शर्म बची है तो उन्हें फूलसिंह बरैया को तत्काल कांग्रेस से बाहर करना चाहिए और देश की बेटियों, माताओं और बहनों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस की मानसिकता को अपराधी और घिनौनी बताते हुए कहा कि यही कांग्रेस है, जहां पहले भी महिलाओं के खिलाफ अमानवीय घटनाएं हुई हैं और आज उसी पार्टी के नेता बलात्कार जैसे शब्दों को हल्के में इस्तेमाल कर रहे हैं। रामेश्वर शर्मा ने चेतावनी दी कि अगर बरैया को पार्टी से नहीं निकाला गया तो जनता कांग्रेस को जवाब देगी।

वहीं पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा देने वाली नेता आखिर कहां हैं। अगर कांग्रेस सच में महिलाओं के सम्मान की बात करती है तो सबसे पहले फूलसिंह बरैया को निष्कासित करे, उन्हें नोटिस दे और पूछे कि बलात्कार और महिलाओं की खूबसूरती पर इस तरह की बीमार मानसिकता वाली टिप्पणियां कैसे की जा सकती हैं। अर्चना चिटनीस ने कहा कि कांग्रेस का एक भी बड़ा नेता इस बयान पर खुलकर कुछ नहीं बोल रहा, जो यह दिखाता है कि कांग्रेस की मानसिकता शुरू से ही महिला विरोधी रही है। उन्होंने कहा कि बरैया एक विधायक हैं, संवैधानिक पद पर हैं और ऐसे व्यक्ति का इस तरह बोलना बेहद शर्मनाक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *