शहडोल। शादी की खुशियों से पहले ही एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब जैतपुर से सीधी होते हुए आमझोर के दरईन गांव बारात लेने जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पेड़ से टकराकर पलट गई। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त बस पूरी तरह खाली थी और उसमें कोई सवारी मौजूद नहीं थी, जिससे किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक यह बस जैतपुर साखी की निजी नर्मदा ट्रेवल्स की बताई जा रही है, जिसका संचालन संतोष पटेल द्वारा किया जाता है। बस जैतपुर से सीधी होते हुए आमझोर के दरईन गांव जा रही थी, जहां से बारात लेकर अनूपपुर जाना था। इसी दौरान सीधी थाना क्षेत्र के सीधी–जयसिंहनगर मार्ग पर सूखा नाला के पास अचानक बस का मेन पट्टा टूट गया। तकनीकी खराबी के चलते चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क से नीचे उतरते हुए पेड़ से टकराकर पलट गई।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सीधी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाने की व्यवस्था की, ताकि यातायात प्रभावित न हो।
पुलिस के अनुसार बस बारात लेने जाने से पहले ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी और उस समय बस में केवल ड्राइवर और कंडक्टर मौजूद थे, जिन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस का मेन पट्टा टूटना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस बस की फिटनेस और तकनीकी स्थिति की भी जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर बस संचालकों की लापरवाही और वाहनों की नियमित तकनीकी जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर बस में यात्री सवार होते तो यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

