दिल्ली में सम्मानित हुईं धनपुरी की CMO, शून्य कार्बन उत्सर्जन पर मिली राष्ट्रीय पहचान

शहडोल। शहडोल जिले की नगर परिषद धनपुरी ने दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है, जहां अखिल भारतीय स्थानीय स्वशासन संस्थान में आयोजित डिकार्बनाइजेशन भारतीय शहर संवाद और विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान धनपुरी की मुख्य नगरपालिका अधिकारी पूजा बुनकर को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान नगर विकेंद्रीकरण पहल के अंतर्गत डिकार्बनाइजेशन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए सराहनीय प्रयासों के लिए दिया गया, जिसे शहडोल जिला और पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।

इस कार्यक्रम में देशभर के शहरी निकायों के प्रतिनिधि, शहरी विकास से जुड़े विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल हुए, जहां भारतीय शहरों को कार्बन उत्सर्जन कम करने और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाने पर मंथन हुआ। कार्यशाला के दौरान धनपुरी नगर परिषद द्वारा अपनाए गए नवाचारों और पर्यावरण हितैषी योजनाओं की विशेष सराहना की गई, जिसने यह साबित कर दिया कि डिकार्बनाइजेशन केवल बड़े महानगरों तक सीमित नहीं है।

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के भारतीय देश प्रमुख और वरिष्ठ सलाहकार हितेश वैद्य ने धनपुरी नगर परिषद के कार्यों को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यदि छोटे शहर भी मजबूत इच्छाशक्ति और सही रणनीति के साथ काम करें, तो वे न सिर्फ देश बल्कि दुनिया के लिए भी उदाहरण बन सकते हैं।

सम्मान मिलने के बाद मुख्य नगरपालिका अधिकारी पूजा बुनकर ने कहा कि धनपुरी नगर परिषद ने शून्य कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने का संकल्प लिया है और कार्यशाला से मिले तकनीकी और नीतिगत ज्ञान का उपयोग शहर के पर्यावरण अनुकूल और समग्र विकास में किया जाएगा। आने वाले समय में धनपुरी को प्रदेश की पहली डिकार्बनाइजेशन सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस उपलब्धि पर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, नगर परिषद के कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने खुशी जताई है, जो धनपुरी की सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *