इंदौर। इंदौर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। खासकर बिना हेलमेट और सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कस दिया गया है। पलासिया चौराहे पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान महज तीन घंटे में 600 से ज्यादा चालान काटे गए। इस कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अब कोई भी यातायात नियम तोड़कर बख्शा नहीं जाएगा।
यातायात डीसीपी आनंद कलादगी ने बताया कि रोजाना लगभग 800 से 900 चालान बनते हैं, लेकिन इसके बावजूद बहुत से लोग नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस ने सख्त फैसला लिया है कि जो वाहन चालक दो बार से ज्यादा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट या किसी भी यातायात नियम का उल्लंघन करता पकड़ा जाएगा, उसका ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। यह कदम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
बीते एक महीने में पुलिस ने कुल 28 से 30 हजार चालान जारी किए हैं। डीसीपी का कहना है कि यह अभियान केवल दिखावा नहीं है, बल्कि यह जान बचाने के लिए एक आवश्यक कदम है। उन्होंने साफ किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी और किसी भी राजनीतिक दबाव को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
साथ ही, अगर कोई पुलिसकर्मी दबाव में आकर नियम तोड़ने वालों को छोड़ता पाया गया तो उसके खिलाफ भी कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इंदौर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सिर्फ जुर्माना बचाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।
अब लापरवाही की कीमत बहुत भारी होगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले कोई छूट नहीं पाएंगे। इंदौर में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस इस अभियान को लगातार जारी रखेगी।

