जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खाने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खौफनाक हिंसा में बदल गया। बताया जा रहा है कि पति ने खाना पसंद न आने पर पत्नी से कह दिया कि तुम अच्छा खाना नहीं बना पाती हो, बस यही बात पत्नी को इतनी नागवार गुजरी कि वह आपा खो बैठी। गुस्से में आकर उसने सब्जी काटने वाला चाकू उठाया और पति पर हमला कर दिया, इस दौरान उसने पति की जीभ काट दी। जीभ का टुकड़ा बेड पर गिरते ही घर में अफरा-तफरी मच गई।
खून से लथपथ हालत में घायल पति चीखता-चिल्लाता कमरे से बाहर भागा और मां के पास पहुंचा। शोर सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए और आनन-फानन में युवक को मोदीनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ के सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इधर वारदात के बाद पत्नी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। पड़ोसी दरवाजा खोलने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। अगले दिन सुबह जब महिला बाहर निकली तो गुस्साए रिश्तेदारों और पड़ोसियों ने उसे घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी। महिला का आरोप है कि वह दिनभर मेहनत करती थी, इसके बावजूद पति उससे मारपीट करता था और बार-बार ताना देता था कि वह अच्छा खाना नहीं बनाती। दोनों की शादी महज 10 महीने पहले मार्च में हुई थी।
वहीं युवक की मां गीता देवी ने आरोप लगाया कि उनकी बहू शराब और सिगरेट पीती थी और आए दिन सोशल मीडिया पर रील बनाती थी, जिसको लेकर घर में अक्सर झगड़े होते थे। उनका कहना है कि बेटा बहू की इन आदतों का विरोध करता था, इसी वजह से विवाद बढ़ता गया। सास का आरोप है कि बहू न सिर्फ गाली-गलौज और मारपीट करती थी, बल्कि आत्महत्या कर जेल भेजने की धमकी भी देती थी।

