नव वर्ष पर श्रीराम मंदिर में होगी श्रीराम यंत्र की स्थापना, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी मुख्य अतिथि

अयोध्या. भारतीय नव वर्ष के पावन अवसर पर अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक आयोजन होने जा रहा है। मंदिर के दूसरे तल पर श्रीराम यंत्र की स्थापना की जाएगी, जिसे भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वयं स्थापित करेंगी। यह विशेष कार्यक्रम चैत्र शुक्ल प्रतिपदा यानी 19 मार्च को आयोजित होगा, जिसके लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राष्ट्रपति को औपचारिक निमंत्रण भेज दिया है।

ट्रस्ट की ओर से साझा की गई जानकारी में बताया गया है कि संवत् 2083 की चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, 19 मार्च 2026 को श्रीराम जन्मभूमि परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान न्यास के महामंत्री चंपत राय, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविन्देव गिरी, न्यासी कृष्णमोहन और निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र भी मौजूद रहेंगे।

ट्रस्ट के अनुसार श्रीराम यंत्र की स्थापना से मंदिर के दूसरे तल की धार्मिक गतिविधियों को नई आध्यात्मिक ऊर्जा मिलेगी। यह यंत्र श्रीराम की शक्ति, मर्यादा और राष्ट्र चेतना का प्रतीक माना जाता है। इसी तल पर राम कथाओं को समर्पित एक विशेष मंदिर विकसित करने की भी योजना है, जिससे श्रद्धालुओं को रामकथा के विभिन्न प्रसंगों से आध्यात्मिक रूप से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति इस आयोजन को राष्ट्रीय महत्व प्रदान करेगी। हिंदू नववर्ष के शुभारंभ पर प्रस्तावित नव संवत्सर समारोह की तैयारियों को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बैठक कर आयोजन की रूपरेखा तय की है। इसमें अतिथियों की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई है, ताकि यह ऐतिहासिक दिन भव्य और सुव्यवस्थित रूप से मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *