भोपाल। मध्य प्रदेश के किसानों के लिए इस बार धनतेरस का त्योहार खुशियों की बारिश लेकर आने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार 29 अक्टूबर को धनतेरस के शुभ अवसर पर किसानों के खातों में फसल मुआवजे की राशि ट्रांसफर करने जा रही है। इस भव्य आयोजन का केंद्र होगा राजगढ़ जिले का ब्यावर, जहां मुख्यमंत्री खुद मंच से एक क्लिक में करोड़ों रुपये की धनराशि किसानों के खातों में भेजेंगे।
धनतेरस पर होने वाला यह कार्यक्रम पूरे मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। राज्य सरकार ने फैसला किया है कि जिन किसानों की फसलें प्राकृतिक आपदाओं या असामान्य मौसम के कारण खराब हुई हैं, उन्हें इस दिन मुआवजे की राशि दी जाएगी। ब्यावर के दशहरा मैदान में आयोजित इस मेगा इवेंट में हजारों किसान जुटेंगे और लाखों किसानों के खाते में एक साथ धनराशि पहुंचेगी।
यह पहल दिवाली से पहले किसानों के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी। लंबे समय से मुआवजे की प्रतीक्षा कर रहे किसानों के चेहरे अब खिल उठेंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव की यह पहल किसानों के जीवन में नई उम्मीद और आर्थिक स्थिरता का संदेश लेकर आएगी।
बता दें कि इस साल मध्य प्रदेश में मानसून ने कहर बरपाया था। 16 जून 2025 को मॉनसून आने के बाद राज्य में औसत से 120 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिससे कई जिलों में फसलें बर्बाद हो गईं। अब सरकार की यह ‘धनतेरस पर धन वर्षा’ योजना उन किसानों के लिए दिवाली से पहले एक बड़ी राहत बनकर आई है।

