कफ सिरप तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट, इनामी मुख्य आरोपी विनोद अग्रवाल गिरफ्तार, हरियाणा से कानपुर पुलिस ने दबोचा

कानपुर. प्रतिबंधित कफ सिरप की अवैध खरीद और बिक्री के बड़े मामले में कानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस गोरखधंधे के मुख्य आरोपी और शहर के प्रमुख दवा व्यापारी विनोद अग्रवाल को क्राइम ब्रांच ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल से दबोचा गया, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था और जो लगातार खुलासों के बाद से फरार चल रहा था। कफ सिरप तस्करी का यह मामला पहली बार नवंबर 2025 में सामने आया था, जिसके बाद दिसंबर महीने में सिंडिकेट से जुड़े आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान लखनऊ, वाराणसी, जौनपुर और सहारनपुर समेत कई जिलों में एक साथ 25 ठिकानों पर छापेमारी हुई थी। लखनऊ में बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह की कोठी पर ईडी ने भी रेड की थी, जहां वित्तीय लेन-देन, हवाला नेटवर्क और विदेशों से जुड़े लिंक की जांच की गई। गौरतलब है कि यूपी में कफ सिरप तस्करी सिंडिकेट के खिलाफ लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। बीते 4 दिसंबर को जौनपुर में कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए तीन दिनों में 16 फर्म संचालकों के 30 बैंक खाते फ्रीज किए थे। जांच में सामने आया कि जौनपुर से बिलिंग किए गए फार्म छह जिलों गाजीपुर, आजमगढ़, प्रतापगढ़, चंदौली, मिर्जापुर और वाराणसी तक भेजे गए थे, जिससे इस पूरे नेटवर्क की जड़ें कई जिलों में फैली होने का खुलासा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *