दिल्ली में एमपी कांग्रेस संगठन को लेकर मंथन: आलाकमान के सख्त निर्देश, कामकाज की लगातार हो रही मॉनिटरिंग

भोपाल। दिल्ली में मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी शामिल हुए। बैठक के दौरान जिलाध्यक्षों के कामकाज की विस्तृत रिपोर्ट ली गई और संगठन सृजन के तहत उनकी नियुक्ति के बाद पहली समीक्षा की गई। आलाकमान की ओर से मध्य प्रदेश नेतृत्व को जल्द से जल्द जिला कार्यकारिणी गठित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी कहा गया कि एमपी कांग्रेस को आक्रामक रणनीति के साथ सरकार का घेराव करना होगा और प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाना होगा। पार्टी संगठन में कसावट लाने और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर खास जोर दिया गया।

बताया गया कि 28 जनवरी को एक और बड़ी बैठक प्रस्तावित है, जिसमें नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। उमंग सिंघार ने कहा कि आलाकमान मध्य प्रदेश को लेकर पूरी तरह अलर्ट है और संगठन के कामकाज की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि जितनी जल्दी संगठन का ढांचा मजबूत होगा, उतनी ही मजबूती से आने वाले चुनावों की तैयारी की जा सकेगी, साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *