छतरपुर। छतरपुर जिले की रहने वाली इंटरनेशनल महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ के घर इन दिनों जश्न का माहौल है। एक तरफ क्रांति ने अपनी मेहनत और सफलता के दम पर ड्रीम कार महिंद्रा थार खरीदकर नया मुकाम हासिल किया है, तो दूसरी तरफ उनके पिता मुन्नालाल गौड़ को करीब 14 साल बाद पुलिस सेवा में दोबारा वर्दी पहनने का मौका मिला है।
24 जनवरी 2026 को क्रांति गौड़ ने अपनी पसंदीदा महिंद्रा थार खरीदी। क्रांति का कहना है कि थार उनकी लंबे समय से ख्वाहिश थी और इसे खरीदने के बाद वह बेहद खुश हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले वक्त में उनका अगला सपना BMW कार खरीदने का है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुकी क्रांति लगातार आगे बढ़ रही हैं और अपनी मेहनत से युवाओं के लिए प्रेरणा बनती जा रही हैं।
वहीं यही तारीख क्रांति के पिता मुन्नालाल गौड़ के लिए भी खास बन गई। 24 जनवरी 2026 को उन्होंने पुलिस लाइन छतरपुर में आमद देकर दोबारा सेवा ज्वॉइन की। अगले दिन 25 जनवरी को वे सागर वर्दी लेने के लिए रवाना हुए। इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि मुन्नालाल गौड़ ने 24 जनवरी से आधिकारिक रूप से पुलिस सेवा में वापसी की है और आमद के बाद एसपी द्वारा डिस्ट्रीब्यूशन कर उनकी नई पदस्थापना की जाएगी।
एएसपी ने यह भी बताया कि वर्ष 2012 में मुन्नालाल गौड़ को सस्पेंड किया गया था, जिसके बाद वे लंबे समय से सेवा से अलग थे। हालिया फैसले के बाद उन्हें बहाल कर दिया गया है। बेटी की खेल उपलब्धियां, ड्रीम कार की खुशी और पिता की वर्दी में वापसी के साथ क्रांति गौड़ का परिवार आज संघर्ष से सफलता तक की एक प्रेरक कहानी बन चुका है।

