मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को सिद्धार्थनगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां उन्होंने सिद्धार्थनगर महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया और 1,052 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गरीब, महिला, युवा और अन्नदाता का उत्थान ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहचान है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए डबल इंजन सरकार ने बिना किसी भेदभाव के ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के साथ योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया है।
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि विकास का असली आधार गांव, गरीब, किसान और युवा होने चाहिए। सरकार ने कभी भेदभाव नहीं किया, बल्कि समाज के हर वर्ग को साथ जोड़ने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता-जनार्दन ने जो शक्ति हमें दी है, उसका उपयोग करना हमारा कर्तव्य और दायित्व है, और यह शक्ति बिना भेदभाव के जनता के हित में लगाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भेदभाव से मुक्त और सतत विकास की दिशा में किए जाने वाले प्रयास ही रामराज्य की अवधारणा को साकार रूप देते हैं।

