इंदौर। शहर के एमआईजी थाना क्षेत्र में सामने आया 13 वर्षीय मासूम की हत्या का मामला सिर्फ एक अपराध नहीं बल्कि भरोसे, पड़ोस और इंसानियत को तोड़ देने वाली खौफनाक घटना बन गया है, देव श्री अपार्टमेंट की दीवारों के भीतर जो कुछ हुआ उसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।
देर रात जब बच्चा घर नहीं लौटा तो परिजन घबराकर थाने पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराई गई, पुलिस तलाश में जुटी लेकिन सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी रेहान भी परिवार के साथ मिलकर बच्चे को ढूंढने का नाटक करता रहा, हर कदम पर साथ दिखता रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो।
जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड को अपार्टमेंट की छत पर खून से सनी जैकेट मिली और बिल्डिंग के पीछे बच्चे का स्कूल बैग बरामद हुआ, यही सुराग पुलिस को चौथी मंजिल के फ्लैट नंबर 42 तक ले गए, दरवाजा खुला तो तलाशी में पलंग पेटी के अंदर से मासूम आफताब का शव बरामद हुआ, यह मंजर जिसने भी देखा वह सिहर उठा।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी बहाने से बच्चे को छत पर ले गया था, वहां उसके साथ गलत हरकत की कोशिश की गई, बच्चे के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी बौखला गया और उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी, वारदात के बाद घबराकर आरोपी ने अपने बड़े पापा को फोन किया और दोनों ने मिलकर शव को दादी के पलंग के भीतर छिपा दिया, ऊपर से बुजुर्ग दादी को सुला दिया गया ताकि किसी को शक न हो।
सुबह होते ही वही आरोपी परिजनों और पुलिस के साथ मिलकर मासूम को ढूंढने का नाटक करता रहा, लेकिन डॉग स्क्वॉड की सूंघने की क्षमता ने उसकी चालाकी पर पानी फेर दिया और सच्चाई सामने आ गई।
सूत्रों के मुताबिक अगर आरोपी पकड़ा नहीं जाता तो वह सबूत मिटाने के लिए और बड़ी साजिश रचने वाला था, बिल्डिंग में मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा था और आशंका है कि वह हालात का फायदा उठाकर शव को स्थायी रूप से छिपाने के लिए दीवार में चुनवाने की तैयारी में था, इससे पहले कि वह अपनी खौफनाक प्लानिंग को अंजाम देता पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मासूम आफताब के पिता पेशे से कव्वाल हैं, जिस घर में कभी सुर गूंजते थे आज वहां मातम और सन्नाटा पसरा है, दो बहनों के बीच इकलौता भाई खोने का दर्द परिवार को तोड़कर रख गया है, कॉलोनी के लोग भी दहशत में हैं क्योंकि खतरा बाहर से नहीं बल्कि भीतर से निकला है, पुलिस ने मुख्य आरोपी रेहान को गिरफ्तार कर लिया है और उसके बड़े पापा की तलाश लगातार जारी है।

