बीते 13 नवंबर 2025 को रामलीला के मंचन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया था, जहां भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे कलाकार द्वारा चलाया गया तीर सीधे रावण बने कलाकार की आंख में जा लगा और इस हादसे में कलाकार सुनील कुमार की एक आंख की रोशनी चली गई।
इस मामले में अब पुलिस ने श्रीराम की भूमिका निभाने वाले नैतिक पांडेय के खिलाफ एससी एसटी एक्ट समेत जान से मारने की कोशिश और लापरवाही से गंभीर चोट पहुंचाने जैसी धाराओं में केस दर्ज कर लिया है, वहीं रामलीला कमेटी के प्रबंधक को भी इस प्रकरण में आरोपी बनाया गया है।
जानकारी के मुताबिक घायल कलाकार सुनील कुमार अनुसूचित जाति समुदाय से हैं, जिसके बाद उनके परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है, पुलिस का कहना है कि मामले में एससी एसटी एक्ट की धारा के तहत भी कार्रवाई की गई है, जो जानबूझकर अपमान या चोट पहुंचाने से जुड़ी है।
यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के खैरा गांव का है, जहां रामलीला मंचन के दौरान राम रावण युद्ध का दृश्य चल रहा था, स्क्रिप्ट के अनुसार तीर चलाया गया लेकिन लापरवाही के चलते तीर सीधे रावण बने सुनील कुमार की आंख में जा लगा, तीर लगते ही सुनील दर्द से चीख पड़े और मंच पर ही गिर गए थे, जिसके बाद पूरे कार्यक्रम में अफरा तफरी मच गई थी और घायल कलाकार को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था।

