अशोकनगर। मध्यप्रदेश के अशोकनगर में जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। प्रशासन की टीम ने जियो रिलायंस कंपनी के पेट्रोल पंप समेत तीन बिल्डिंग को सील कर दिया है।
बताया जा रहा है कि बुधवार को नाप-जोख में धनुषधारी मंदिर की जमीन सामने आई, जिस पर करीब 15 हजार स्क्वायरफिट क्षेत्र में अतिक्रमण पाया गया। इस पूरी अतिक्रमित संपत्ति को प्रशासन ने सील कर दिया और चेतावनी दी कि अगर सात दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाया नहीं गया तो तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी। कब्जे के पीछे पुरुषोत्तम अग्रवाल और संदीप जैन का नाम बताया जा रहा है। यह अतिक्रमण स्थानीय बायपास रोड की प्राइम लोकेशन पर कई सालों से था।
इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल उठ रहे हैं कि इतने समय तक प्रशासन क्या कर रहा था। संबंधित संस्थानों को स्थानीय निकाय से व्यवसाय के लिए लाइसेंस कैसे मिल गया। कब्जे वाली जमीन पर बिना एनओसी के बिजली कनेक्शन कैसे मिला। कंपनी के कर्ताधर्ता ने उच्च प्रबंधन को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी। कार्रवाई के पीछे कहीं बड़ा लेन-देन का मामला तो नहीं है। मंदिर समिति ने इससे पहले कब और कहां इस अतिक्रमण की शिकायत की थी, यह भी चर्चा का विषय बन गया है।

