खौफनाक कदम, नर्स ने ऑन कैमरा कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश, इन पर लगाए गंभीर आरोप

 जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कैमरे के सामने एक महिला स्टाफ नर्स ने कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की। एकलव्य आवासीय विद्यालय में पदस्थ स्टाफ नर्स जागृति इनवाती ने यह खौफनाक कदम उठाया, जिसके बाद उन्हें तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना से पहले पीड़िता ने खुद का एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने विद्यालय की प्राचार्य अविनाश रानी शर्मा और दो अन्य लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में स्टाफ नर्स ने कहा कि उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था और उन पर दबाव बनाया जा रहा था।

पीड़िता का आरोप है कि पहले उन्होंने विद्यालय में हो रही अनियमितताओं को लेकर पुलिस और विभागीय स्तर पर शिकायतें की थीं, लेकिन बाद में उन शिकायतों को वापस लेने के लिए उन्हें प्रताड़ना झेलनी पड़ी। इसी मानसिक दबाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाने की कोशिश की।

स्टाफ नर्स की खुदकुशी की कोशिश का वीडियो सामने आते ही पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया और इलाके में हड़कंप मच गया।

कांग्रेस नेता और विधायक विक्रांत भूरिया ने इस घटना पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल जागृति इनवाती का इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है, वहीं पूरे मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी जांच की मांग तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *