शहडोल। शहडोल जिले में पारिवारिक संपत्ति विवाद उस वक्त सरेआम तमाशा बन गया, जब एक ही परिवार के लोग सड़क से लेकर थाने तक खुलेआम आपस में भिड़ते नजर आए और देखते ही देखते मामला मारपीट और गाली-गलौज तक पहुंच गया। झगड़े का यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोगों की बेखौफ हरकतें और हालात संभालने में जूझती पुलिस साफ दिखाई दे रही है।
जानकारी के मुताबिक मामला बुढ़ार और धनपुरी थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां धनपुरी थाना के पीछे स्थित माली मोहल्ला निवासी परिवार के सदस्यों के बीच संपत्ति और मुआवजा राशि को लेकर विवाद शुरू हुआ। झगड़े की शुरुआत बुढ़ार थाना क्षेत्र के जैन झरोखा के सामने सड़क पर हुई, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई और सड़क पर हो रहे इस विवाद को राह चलते लोगों ने देखा, किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया।
विवाद यहीं नहीं थमा और दोनों पक्ष धनपुरी थाने पहुंच गए, जहां थाना परिसर के भीतर भी आरोप-प्रत्यारोप, अपशब्दों और झूमा-झपटी का दौर चलता रहा। वायरल वीडियो में साफ नजर आता है कि पुलिसकर्मी लोगों को शांत कराने और थाने से बाहर निकालने की कोशिश करते रहे, लेकिन उग्र माहौल के बीच हालात पर काबू पाना उनके लिए आसान नहीं था।
बताया जा रहा है कि माली मोहल्ला निवासी अजय माली की कुछ साल पहले करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी, जिसके बाद उसकी पत्नी सोनम अपने प्रेमी के साथ पुणे चली गई थी। अब सोनम के धनपुरी लौटने पर पति की मौत के बाद मिली मुआवजा राशि और संपत्ति को लेकर देवर विजय और देवरानी के साथ विवाद खड़ा हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा और आखिरकार मामला बुढ़ार थाने तक पहुंच गया, जहां पुलिस दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने में जुटी हुई है। सड़क से लेकर थाना परिसर तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे और उसके वायरल वीडियो ने जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

