नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरपंच ने खुद को पंचायत भवन में बंद कर लिया और समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी। बताया जा रहा है कि सरपंच ने कलेक्टर समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों से बार-बार शिकायत की, लेकिन कहीं भी सुनवाई नहीं होने से वह बेहद आहत और नाराज है।
यह मामला नरसिंहपुर के चीचली जनपद पंचायत अंतर्गत सीरेगांव ग्राम पंचायत का है, जहां सरपंच महेंद्र कुशवाहा ने मंगलवार रात पंचायत भवन के भीतर खुद को कैद कर लिया। सरपंच का कहना है कि ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में लगातार अड़चनें आ रही हैं और बीते दो साल से वे ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिसकी शिकायत उन्होंने जिला कलेक्टर सहित तमाम अधिकारियों से कई बार की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सरपंच महेंद्र कुशवाहा ने वीडियो जारी कर कहा कि अगर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे पंचायत भवन में ही आत्मदाह कर लेंगे। वीडियो में वे कहते नजर आ रहे हैं कि उनकी पंचायत में दो साल से काम रुका हुआ है, कई तरह की दिक्कतें सामने आ रही हैं और बार-बार लिखित आवेदन देने के बावजूद प्रशासन की ओर से सिर्फ आश्वासन ही मिला है।
महेंद्र कुशवाहा का कहना है कि हाल ही में हुई जनसुनवाई में भी उन्होंने अधिकारियों को लिखित आवेदन सौंपा था, लेकिन उन्हें समाधान के बजाय टालमटोल और मानसिक प्रताड़ना ही मिली। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर उनकी बात नहीं सुनी गई तो वे आत्महत्या जैसा कदम उठाने को मजबूर होंगे और इसके लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा।
सरपंच का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं पूरे मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर तनाव का माहौल बना हुआ है।

