अमेरिका के टैरिफ घटाने पर बोलीं मायावती, कहा जमीनी अमल के बाद ही पता चलेगा कि भारत को कितना फायदा होगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत टैरिफ को घटाकर 18 प्रतिशत करने का ऐलान किया। ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस फैसले की जानकारी दी और दावा किया कि भारत रूस से तेल की खरीद बंद करेगा। इस फैसले के बाद भारत पर अब 18 प्रतिशत टैरिफ लागू होगा। टैरिफ में कटौती को लेकर बसपा प्रमुख मायावती की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि बेहतर होता अगर सरकार संसद सत्र के दौरान ही इस विषय पर विस्तार से जानकारी देती, ताकि जनता को सही तस्वीर समझ में आ पाती।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत और अमेरिका के बीच कई शर्तों के साथ हुए आपसी समझौतों के बाद 18 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने की खबर देश और जनहित में कितनी है, इसका सही आकलन तुरंत करना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर अमल होने के बाद ही साफ तौर पर पता चलेगा कि इससे देश को, खासकर बहुजनों, गरीबों, मजदूरों, किसानों और महिलाओं को कितना लाभ मिलेगा। मायावती ने यह भी कहा कि सरकार को इस फैसले पर संसद में ही विस्तृत जानकारी देनी चाहिए थी, ताकि लोगों तक सही और स्पष्ट सूचना पहुंचती।

बताया जा रहा है कि ट्रम्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। ट्रम्प ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें अपना अच्छा दोस्त बताया और कहा कि भारत अब ज्यादा तेल वेनेजुएला से खरीदेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *