फरार आरोपी पर 1 रुपये का इनाम, शातिर अपराधी पकड़ में नहीं आया तो पुलिस ने किया अनोखा प्रयोग

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले में अपराधों पर लगाम लगाने के लिए एसपी ऋषिकेश मीना लगातार सख्त अभियान चला रहे हैं और ऑपरेशन क्लीन जैसी मुहिम के जरिए अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक ऐसा कदम उठाया है, जिसने पूरे जिले ही नहीं बल्कि प्रदेशभर में चर्चा छेड़ दी है। अवैध शराब के कारोबार में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी पर एसपी ने महज 1 रुपये का इनाम घोषित कर दिया है, जिसे लोग पुलिस का अनोखा और प्रतीकात्मक प्रयोग बता रहे हैं।

दरअसल करेली थाना क्षेत्र में दर्ज आबकारी एक्ट के गंभीर मामले में फरार आरोपी धनराज लोधी की गिरफ्तारी पर यह इनाम रखा गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अपराध क्रमांक 27/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट में वांछित धनराज लोधी निवासी समनापुर थाना कोतवाली लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर है। आरोपी की सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का भरोसा भी पुलिस ने दिया है।

मामला 9 जनवरी का है जब करेली थाना पुलिस पेट्रोलिंग पर थी और मुखबिर से सूचना मिली कि एक थार वाहन अवैध शराब लेकर गाडरवारा की ओर से नरसिंहपुर आ रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने की कोशिश की तो चालक पुलिस को देखकर ड्रीम सैंड सिटी की ओर भागने लगा, लेकिन कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद पुलिस ने वाहन को पकड़ लिया। वाहन चला रहे युवक ने अपना नाम सुरेंद्र लोधी और उसके साथ बैठे युवक ने सलीम खान बताया।

तलाशी में थार वाहन से खाकी रंग के कार्टूनों में भरी 44 पेटी अवैध देशी मदिरा बरामद हुई, जिसमें कुल 2200 पाव यानी करीब 396 लीटर शराब पाई गई। दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, लेकिन इस पूरे अवैध शराब नेटवर्क का मुख्य आरोपी धनराज लोधी मौके से फरार हो गया।

पुलिस का कहना है कि 1 रुपये का इनाम प्रतीकात्मक है और इसका मकसद यह संदेश देना है कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून से बच नहीं सकता। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि यह एक रुपये का इनामी बदमाश आखिर कब पुलिस की गिरफ्त में आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *