Tejashwi Yadav Net Worth: 50 तोला सोना, ईटली की पिस्तौल — जानें कितने धनी हैं तेजस्वी यादव और उनके कर्ज का हाल

Tejashwi Yadav Net Worth: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री और मौजूदा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार, 15 अक्टूबर को वैशाली जिले की राघोपुर सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान उन्होंने अपना हलफनामा भी प्रस्तुत किया, जिसमें उनकी संपत्ति और देनदारियों का पूरा ब्यौरा दर्ज है।

हलफनामे के अनुसार तेजस्वी यादव की कुल संपत्ति 8.1 करोड़ रुपये है, जिसमें 6.12 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 1.88 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। इसके अलावा उनके पास एक इटली निर्मित पिस्तौल, 50 जिंदा कारतूस (लगभग 1.05 लाख रुपये मूल्य के), एक डेस्कटॉप और एक लैपटॉप भी हैं। वहीं, उनके पास करीब 200 ग्राम सोना और 2 किलो चांदी भी दर्ज है।

उनकी पत्नी राजश्री यादव ने 1.88 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है, जिसमें 59.69 लाख रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। पति-पत्नी के पास मिलाकर करीब 50 तोला सोना मौजूद है। नकद में तेजस्वी के पास 1.5 लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास 1 लाख रुपये हैं। हलफनामे में यह भी बताया गया कि तेजस्वी यादव पर 55.55 लाख रुपये की निजी देनदारियां और 1.35 करोड़ रुपये का सरकारी बकाया है, जबकि उनकी पत्नी पर कोई कर्ज नहीं है।

नामांकन के दौरान तेजस्वी यादव ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। रोड शो में हजारों की भीड़ उमड़ी। इस मौके पर लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती और संजय यादव भी उनके साथ मौजूद रहे।

नामांकन के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि, “राघोपुर की जनता ने मुझ पर दो बार भरोसा किया है। यह मेरा तीसरा नामांकन है और मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार भी जनता मुझे आशीर्वाद देगी। बिहार की जनता अपराध, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी से तंग आ चुकी है। इस चुनाव में बदलाव तय है और राज्य को महागठबंधन की सरकार मिलेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *